एमसीबी। CG NEWS: एमसीबी जिले के चिरमिरी के हल्दीबाड़ी घड़ी चौक के पास जमीन धसने से मचा हड़कंप जब शराब दुकान के सामने अचानक जमीन का एक हिस्सा धंस गया। जमीन धंसने के साथ वहां से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। इस दौरान एक बाइक भी धंसी हुई जमीन में फंस गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और एसईसीएल की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर शराब दुकानों को बंद कराया गया और प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराया गया।
चिरमिरी के हल्दीबाड़ी घड़ी चौक के पास शराब दुकान के नजदीक ही अचानक जमीन धंसने से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे जमीन का एक हिस्सा अचानक नीचे धंस गया। मौके पर धुआं निकलता दिखाई देने के बाद लोगों की चिंता और डर बन गई। यह
घटना शराब की अंग्रेजी और देशी शराब दुकान के सामने हुई। जमीन धंसने के बाद सुरक्षा के लिहाज से दोनों दुकानों को तत्काल बंद कराया गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन ने क्षेत्र को सुरक्षित करने की कार्रवाई शुरू की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी जमीन से गैस निकलने और जमीन संबंधी समस्या की शिकायत सामने आती रही है। घटना के बाद लोगों ने प्रशासन और एसईसीएल से पूरे इलाके का तकनीकी निरीक्षण कराने और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की मांग की।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम के महापौर, आयुक्त, एसडीएम, तहसीलदार, पुलिस बल और एसईसीएल के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को प्रभावित क्षेत्र से हटाया और जेसीबी की मदद से धंसे हुए हिस्से को भरने की कार्रवाई शुरू कराई।
प्रशासन के मुताबिक, घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। हालांकि जिस हिस्से में जमीन धंसी है, वहां एक परिवार के रहने की जानकारी सामने आई है। सुरक्षा को देखते हुए परिवार को तत्काल एनसीपीएच क्लब में शिफ्ट कराया जा रहा है। इसके बाद एसईसीएल से समन्वय कर उनके स्थायी पुनर्वास की प्रक्रिया पर बात की जाएगी।
वहीं, प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र को फिलहाल ब्लॉक करने का फैसला लिया है। जहां से धुआं निकल रहा है और जमीन धंसी है, उस हिस्से को मिट्टी से भरने के साथ ही क्षेत्र को सील करने की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आसपास रहने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा को भी ध्यान में रखा जा रहा है।
स्थानीय वार्ड पार्षद के मुताबिक, इलाके में काफी समय से जमीन से गैस निकलने की शिकायत मिल रही थी और इसकी जानकारी महापौर को भी दी गई थी। अब जमीन धंसने की घटना के बाद प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराने की कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल प्रशासन ने प्रभावित हिस्से को घेरकर लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। जमीन धंसने की वास्तविक वजह क्या है और धुएं के पीछे क्या कारण है, इसका पता तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना और इलाके में किसी भी संभावित खतरे को रोकना है।