गरियाबंद। CG NEWS: पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से गरियाबंद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘मिशन जन मित्र’ अभियान के तहत ग्राम पंचायत बारूका में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक वेद व्रत सिरमौर के निर्देशन में संचालित इस अभियान के अंतर्गत ग्रामीणों को नशामुक्ति, साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों तथा स्थानीय पर्यटन विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक (साइबर एवं यातायात) लितेश सिंह की उपस्थिति में साइबर सेल एवं यातायात शाखा की टीम ने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। इस दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच, पंचगण, गणमान्य नागरिकों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का मुख्य केंद्र नशामुक्ति अभियान रहा। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। नशे के कारण पारिवारिक विवाद, आर्थिक संकट और सामाजिक असुरक्षा जैसी समस्याएं जन्म लेती हैं। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे नशे के खिलाफ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा अवैध नशे के कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस टीम ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, अज्ञात लिंक और सोशल मीडिया फ्रॉड से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी। ग्रामीणों को सतर्क रहकर इंटरनेट का उपयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की सलाह दी गई। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया। ग्रामीणों की सुविधा के लिए पुलिस अधिकारियों के संपर्क नंबर भी साझा किए गए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर लोग सीधे पुलिस से संपर्क कर सकें और त्वरित सहायता प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत बारूका स्थित प्रसिद्ध प्राकृतिक पर्यटन स्थल चिंगरा पगार प्रपात का भी उल्लेख किया गया। अधिकारियों ने कहा कि वर्षा ऋतु में यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। यदि स्थानीय स्तर पर आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएं तो पर्यटन के माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित हो सकते हैं। प्रशासन द्वारा भी इस दिशा में आवश्यक सहयोग देने का आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने गरियाबंद पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए नशामुक्त, सुरक्षित और शांतिपूर्ण समाज के निर्माण में पूर्ण सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया। मिशन जन मित्र के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।