CG | Fri, 03 July 2026

No Ad Available

CG NEWS: कुत्तों से बचने गांव पहुंचा जंगली हिरण, ग्रामीणों की सतर्कता से सुरक्षित रेस्क्यू

03 Jul 2026 | WEENEWS DESK | 3 views
CG NEWS: कुत्तों से बचने गांव पहुंचा जंगली हिरण, ग्रामीणों की सतर्कता से सुरक्षित रेस्क्यू

खैरागढ़। CG NEWS: ग्राम अवेली में गुरुवार शाम एक जंगली हिरण के अचानक गांव पहुंचने से लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों के अनुसार कुछ आवारा कुत्ते हिरण का पीछा कर रहे थे। जान बचाने के प्रयास में वह गांव पहुंचकर एक किसान के ब्यारा में छिप गया। किसान की नजर पड़ते ही उसने कुत्तों को भगाया और अन्य ग्रामीणों की मदद से हिरण को सुरक्षित पकड़कर रस्सी से बांध दिया, ताकि वह घबराकर घायल न हो। इसके बाद तत्काल डायल-112 और वन विभाग को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हिरण का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे जंगल में छोड़ दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हिरण को देखने वालों की भीड़ लगी रही। खैरागढ़ डीएफओ पंकज राजपूत ने बताया कि जंगली हिरण अक्सर चारा और पानी की तलाश में या फिर कुत्तों के पीछा करने के कारण जंगल से भटककर गांवों में पहुंच जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे मामलों में जंगली जानवरों को नुकसान पहुंचाने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि उनका सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.