CG | Fri, 04 September 2026

No Ad Available

CG NEWS: दंतैल हाथी ने मचाया उत्पात: वाहनों की ओर दौड़ने से मचा हड़कंप, ग्रामीणों में दहशत का माहौल

04 Sep 2026 | WEENEWS DESK | 800 views
CG NEWS: दंतैल हाथी ने मचाया उत्पात: वाहनों की ओर दौड़ने से मचा हड़कंप, ग्रामीणों में दहशत का माहौल

कटघोरा। CG NEWS: कटघोरा वन मंडल के केंदई वन परिक्षेत्र में गुरुवार शाम लोनार (दंतैल) हाथी के हाईवे पर पहुंचने से हड़कंप मच गया। मोरगा और चोटिया के बीच कपांनवापारा जंगल के पास करीब शाम 5 बजे हाथी अचानक NH-130 के मुख्य मार्ग पर आ गया। हाथी को देखते ही हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।

वाहनों की ओर दौड़ लगाने लगा हाथी

हाथी सड़क के बीचों-बीच खड़ा रहा और आसपास से गुजर रहे वाहनों की ओर दौड़ लगाने का प्रयास किया। इससे वाहन चालकों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने वाहनों को पीछे हटाकर सुरक्षित स्थान की ओर जाते नजर आए।

मरवाही से कटघोरा पहुंचा दंतैल

जानकारी के मुताबिक, लोनार हाथी मरवाही वन परिक्षेत्र से कटघोरा वन मंडल में दाखिल हुआ है। बताया जा रहा है कि हाथी ने ग्रामीण इलाकों में कई घरों को नुकसान पहुंचाया है। हाथी की लगातार मौजूदगी से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।

वन अमले और हाथी मित्र दल ने संभाला मोर्चा

हाईवे पर हाथी के पहुंचने की सूचना मिलते ही केंदई वन परिक्षेत्र का वन अमला और हाथी मित्र दल मौके पर पहुंचा। रेंजर, डिप्टी रेंजर और मैदानी अमले ने टीम के साथ मिलकर हाथी को नियंत्रित करने की कोशिश शुरू की। करीब एक घंटे की मशक्कत और सायरन-हूटर की मदद से हाथी को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ा गया।

हाथी के जंगल में लौटने के बाद NH-130 पर यातायात बहाल हो सका। वन विभाग ने वाहन चालकों और आसपास के ग्रामीणों से सतर्क रहने तथा रात के समय जंगल से लगे रास्तों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

 

 

WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.