पंडरिया। CG NEWS: बदलते दौर में शिक्षा का स्वरूप तेजी से तकनीक आधारित हो रहा है। भविष्य की जरूरतों और विद्यार्थियों के बेहतर अवसरों को ध्यान में रखते हुए पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने विधानसभा क्षेत्र के सरकारी स्कूलों के बच्चों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के लिए एक बड़ी पहल शुरू की है। जल्द ही “भावना दीदी की साइंस पाठशाला” मोबाइल इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब का शुभारंभ किया जाएगा। इस अत्याधुनिक मोबाइल लैब के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, ड्रोन तकनीक, कोडिंग और अन्य आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के शासकीय उच्चतर विद्यालयों, उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों और सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को भविष्य की तकनीकों से जोड़ना है। मोबाइल लैब एक विशेष बस के रूप में संचालित होगी, जो अलग-अलग विद्यालयों तक पहुंचेगी और विद्यार्थियों को उनके स्कूल परिसर में ही आधुनिक तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराएगी। विधायक भावना बोहरा के अनुसार, आज का समय विज्ञान, ज्ञान और तकनीक का युग है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी आधुनिक शिक्षा और नई तकनीकों से जोड़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी शहर या संसाधन की मोहताज नहीं होती। गांवों के बच्चों में भी अपार क्षमता है, जरूरत केवल उन्हें सही अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने की है।
10वीं से 12वीं के विद्यार्थियों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण
“भावना दीदी की साइंस पाठशाला” के प्रथम चरण में कक्षा 10वीं से 12वीं के विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। मोबाइल इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की टीम विद्यार्थियों को तकनीक का बेसिक से लेकर एडवांस स्तर तक का प्रशिक्षण देगी। इस कार्यक्रम के तहत प्रत्येक विद्यालय में चरणबद्ध तरीके से 3 से 5 दिनों की कार्यशाला आयोजित की जाएगी। प्रशिक्षण पूरा करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा। विधायक भावना बोहरा ने बताया कि इस योजना के माध्यम से प्रति वर्ष 5000 से अधिक विद्यार्थियों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।