सरगुजा। CG NEWS: सरगुजा जिले में अंबिकापुर–रायगढ़ मुख्य मार्ग पर सीतापुर पहुंचने से पहले सड़क की बदहाल स्थिति यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। बारिश शुरू होते ही सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे वाहन चालकों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बाइक, कार, बस और एंबुलेंस समेत सभी वाहन इस जर्जर सड़क पर हिचकोले खाने को मजबूर हैं। प्रतिदिन हजारों वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन लंबे समय से सड़क की हालत में कोई सुधार नहीं हो सका है।
गौरतलब है कि सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो निर्माण कार्यों का लगातार निरीक्षण करते रहे हैं और गुणवत्ता में कमी मिलने पर सड़क तक तुड़वाकर दोबारा निर्माण कराने के निर्देश भी दे चुके हैं। इसके बावजूद इस महत्वपूर्ण मार्ग की स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इस मुख्य मार्ग का निर्माण कार्य कब शुरू होगा? क्या लोगों को एक बार फिर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन और विरोध का सहारा लेना पड़ेगा?
फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से स्थायी समाधान का इंतजार किया जा रहा है। वहीं वाहन चालकों से अपील है कि अंबिकापुर–रायगढ़ मुख्य मार्ग पर, विशेषकर सीतापुर पहुंचने से पहले, बेहद सावधानी से वाहन चलाएं, क्योंकि बारिश के बीच एक छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।