बिलासपुर। CG NEWS: बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित अरोमा कैफे में मंगलवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने कैफे के अंदर रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में कैफे का काफी सामान जलकर खाक हो गया। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और आग को आसपास फैलने से रोक लिया गया। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। आगजनी की इस घटना में कैफे के अंदर रखा सामान पूरी तरह जलने से काफी नुकसान होने की बात सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस और संबंधित टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।