CG | Fri, 13 February 2026

No Ad Available

CG NEWS : जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण – भगवान बिरसा मुंडा ने देश के उद्धार के लिए दिया अपना बलिदान

13 Nov 2025 | JAY SHANKAR PANDEY | 35 views
CG NEWS : जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण – भगवान बिरसा मुंडा ने देश के उद्धार के लिए दिया अपना बलिदान

गरियाबंद। CG NEWS : 15 नवंबर को मनाए जाने वाले जनजातीय गौरव दिवस को लेकर गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। मुख्य वक्ता एवं प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष सतीश लोटिया ने कहा कि यह दिन पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण है। भगवान बिरसा मुंडा ने देश के उद्धार के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया, और उनकी जयंती को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है।

लोटिया ने बताया कि इस वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर देशभर में भव्य कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी की सोच है कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के योगदान और उनके लोकहितकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाए। इसी कड़ी में 19 नवंबर को अंबिकापुर में आयोजित मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू स्वयं शामिल होंगी।

राज्य के सभी जिलों में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। स्कूल-कॉलेजों में भाषण, निबंध, चित्रकला, लेखन एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं होंगी। जनजातीय छात्रावासों में बिरसा मुंडा का जीवन परिचय वाचन, वृक्षारोपण, प्रभात फेरी, संगोष्ठी एवं स्वच्छता अभियान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसके अलावा जनजातीय समुदाय से जुड़े स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का सम्मान, जनजातीय कला, संस्कृति, व्यंजन, हस्तशिल्प एवं सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। विशेष शिविरों में आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि, सिकल सेल जांच और अन्य कल्याणकारी सेवाओं का लाभ भी दिलाया जाएगा।

प्रदेश में जनजातीय संस्कृति को पहचान दिलाने के उद्देश्य से शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव एवं जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव का आयोजन 19-20 नवंबर को अंबिकापुर में होगा।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी ने नवा रायपुर में शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का लोकार्पण किया है, जो छत्तीसगढ़ ही नहीं, पूरे देश का गौरव बन गया है।

इस अवसर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, युवा आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, महामंत्री आशीष शर्मा एवं प्रवक्ता राधेश्याम सोनवानी भी उपस्थित थे।

 

 


JAY SHANKAR PANDEY
JAY SHANKAR PANDEY

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.