CG | Thu, 08 October 2026

No Ad Available

CG NEWS : जंगल में जमीन के नीचे दबा था माओवादियों का हथियार-विस्फोटक डंप, पुलिस ने खोद निकाला , 6 हथियार समेत भारी मात्रा में सामग्री बरामद

07 Oct 2026 | WEENEWS DESK | 844 views
CG NEWS : जंगल में जमीन के नीचे दबा था माओवादियों का हथियार-विस्फोटक डंप, पुलिस ने खोद निकाला , 6 हथियार समेत भारी मात्रा में सामग्री बरामद

गडचिरोली। CG NEWS : महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा से लगे कोपर्शी जंगल में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। गडचिरोली पुलिस ने सर्च ऑपरेशन के दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया माओवादियों का हथियार और विस्फोटक डंप बरामद किया है। बरामद सामग्री में .303 रायफल समेत 6 अग्निशस्त्र, 10 BGL सेल, 21 जिंदा कारतूस, 7 डेटोनेटर और करीब 150 मीटर केबल वायर शामिल हैं।

पुलिस को सूचना मिली थी कि कोपर्शी जंगल में माओवादियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाने और विस्फोटक वारदात को अंजाम देने के लिए हथियार व विस्फोटक जमीन में छिपाकर रखे हैं। सूचना के आधार पर 6 अक्टूबर को एसपी एम. रमेश के मार्गदर्शन में विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

ऑपरेशन के तहत प्राणहिता की विशेष अभियान टीम की 5 टुकड़ियों और BDDएस की 2 टीमों को जंगल में भेजा गया। जवानों ने इलाके को घेरकर संदिग्ध स्थानों की बारीकी से तलाशी ली। इसी दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया हथियार और विस्फोटक सामग्री का डंप बरामद हुआ।

पुलिस ने खोद निकाला जंगल में जमीन के नीचे दबा माओवादियों का हथियार-विस्फोटक डंप, वारदातों में किया जाता इस्तेमाल

पुलिस के मुताबिक, बरामद हथियारों में एक .303 रायफल, दो सिंगल शॉट रायफल, दो देशी पिस्टल और एक BGL लॉन्चर शामिल हैं। इसके अलावा 10 BGL सेल, 21 जिंदा कारतूस, 7 डेटोनेटर और 150 मीटर केबल वायर जब्त की गई है।सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस को हथियार और विस्फोटक के अलावा 2 मैगजीन, 2 कुकर, 3 वॉकी-टॉकी, 3 चार्जर और 2 वॉकी-टॉकी बैटरियां भी मिलीं। सभी सामग्री को सुरक्षा मानकों के तहत कब्जे में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, माओवादी दुर्गम जंगल क्षेत्रों का फायदा उठाकर हथियार और विस्फोटक सामग्री को अलग-अलग स्थानों पर जमीन में छिपाकर रखते हैं। इनका इस्तेमाल नक्सल सप्ताह, चुनाव या सुरक्षा बलों की आवाजाही के दौरान घात लगाकर हमले जैसी वारदातों में किए जाने की आशंका रहती है।बरामद डंप भी इसी उद्देश्य से छिपाकर रखे जाने की आशंका पुलिस ने जताई है। मामले में आगे की जांच जारी है।

सर्चिंग के दौरान बरामद कुछ अन्य माओवादी साहित्य को वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में घटनास्थल पर ही नष्ट कर दिया गया। अभियान में विशेष अभियान दल, प्राणहिता, इंटेलिजेंस सेल और BDDएस टीम के जवान शामिल रहे।एसपी एम. रमेश ने सफल कार्रवाई के लिए अभियान में शामिल जवानों की सराहना की।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.