महासमुंद। CG CRIME NEWS: महासमुंद पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 6 अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कुल 13.370 किलोग्राम गांजा, तीन दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। खास बात यह रही कि तकनीकी विश्लेषण के आधार पर ओडिशा के गांजा सप्लायर को भी गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।
पहली कार्रवाई में सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के रेहटीखोल में एनएच-53 पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी को रोका। तलाशी में स्कूटी की सीट के नीचे छिपाकर रखा गया 5 किलो 160 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इस मामले में जांजगीर-चांपा के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के आधार पर ओडिशा के बरगढ़ जिले से गांजा सप्लाई करने वाले चैतन्य पांडा को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने 2 लाख 58 हजार रुपये कीमत का गांजा, दो दोपहिया वाहन और चार मोबाइल सहित कुल 3 लाख 71 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में सरायपाली पुलिस ने तोरेसिंहा सुरंगी नाला के पास नाकाबंदी कर ओडिशा के बलांगीर निवासी दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 8 किलो 210 ग्राम गांजा और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत 2 लाख 14 हजार 200 रुपये बताई गई है। महासमुंद पुलिस के अनुसार जनवरी 2026 से अब तक एनडीपीएस एक्ट के 112 प्रकरण दर्ज कर 74 क्विंटल 22 किलो से अधिक गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 36 करोड़ 98 लाख रुपये है। इस अवधि में 274 आरोपियों की गिरफ्तारी भी की गई है।