रायपुर। Student Murder Case: तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में दो नाबालिग छात्रों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। 10वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान एक छात्र द्वारा अपने क्लासमेट को “मोटा” कहकर चिढ़ाने से शुरू हुआ मनमुटाव धीरे-धीरे गहरा गया और आखिरकार एक छात्र की जान ले बैठा।

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले दोनों छात्रों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। शनिवार को फिर दोनों आमने-सामने आ गए और कहासुनी के बाद हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान 16 वर्षीय अमन यदु और दूसरे छात्र के बीच झड़प बढ़ गई। आरोप है कि विवाद के दौरान निकले चाकू से आरोपी छात्र ने अमन यदु पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल अमन को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही तिल्दा-नेवरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।