CG | Mon, 27 July 2026

No Ad Available

CG Crime: गर्लफ्रेंड के दूसरे युवक से बात करने पर भड़का प्रेमी, चाकू से हमला कर उतारा मौत के घाट,आरोपी गिरफ्तार

27 Jul 2026 | WEENEWS DESK | 715 views
CG Crime: गर्लफ्रेंड के दूसरे युवक से बात करने पर भड़का प्रेमी, चाकू से हमला कर उतारा मौत के घाट,आरोपी गिरफ्तार

सूरजपुर। CG Crime: शहर के नेहरू पार्क में रविवार को हुई एक वारदात से सनसनी फैल गई। यहां एक युवक ने युवती पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले के बाद युवती जान बचाने के लिए कुछ दूर तक भागी, लेकिन गंभीर चोट के कारण गिर पड़ी। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद करते हुए उसे अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद फरार हुए आरोपी को पुलिस ने कुछ ही घंटों में जंगल से गिरफ्तार कर लिया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी रितेश राजवाड़े और राधिका राजवाड़े के बीच प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि रितेश को राधिका के किसी अन्य युवक से बातचीत करने को लेकर शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने अपने पास मौजूद चाकू से राधिका के गले पर कई वार कर दिए।

अचानक हुए हमले से पार्क में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल युवती को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।

CCTV फुटेज खंगालकर आरोपी की तलाश

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने पार्क और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। तकनीकी जानकारी के आधार पर फरार आरोपी की तलाश शुरू की गई।

कुछ घंटों में जंगल से गिरफ्तार

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारदात के कुछ घंटों बाद आरोपी को जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने प्रेम संबंध और युवती के दूसरे युवक से बातचीत करने को लेकर नाराजगी की बात कही है। पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है और वारदात में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

युवती की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं दिनदहाड़े पार्क में हुई इस घटना से इलाके के लोगों में दहशत और आक्रोश है। पुलिस आरोपी के खिलाफ हत्या समेत लागू धाराओं के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.