CG | Tue, 23 June 2026

No Ad Available

CG ACCIDENT: कार्यक्रम से लौट रहे यात्रियों से भरा वाहन पलटा, 35 लोग घायल, कई लोगों को गंभीर चोटें आई

23 Jun 2026 | WEENEWS DESK | 11 views
CG ACCIDENT: कार्यक्रम से लौट रहे यात्रियों से भरा वाहन पलटा, 35 लोग घायल, कई लोगों को गंभीर चोटें आई

सक्ती। CG ACCIDENT: सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। डभरा-खरसिया मुख्य मार्ग पर ग्राम छुहीपाली के पास यात्रियों से भरा एक छोटा हाथी वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में वाहन में सवार 30 से 35 लोग घायल हो गए, जिनमें कई महिलाओं सहित आधा दर्जन से अधिक लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। चार घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायगढ़ अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के थाना कोसीर अंतर्गत ग्राम कोसीर निवासी लोग ग्राम धुरकोट में समधियान (रिश्ता) जोड़ने के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद सभी लोग भोजन कर छोटा हाथी वाहन क्रमांक CG 13 BH 40 43 में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। वाहन में करीब 35 से 40 पुरुष एवं महिलाएं सवार थे। बताया जा रहा है कि सोमवार शाम करीब 5 बजे वाहन डभरा-खरसिया सड़क मार्ग स्थित ग्राम छुहीपाली के पास पहुंचा, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और छोटा हाथी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई तथा घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग सहायता के लिए पहुंचे।

दुर्घटना में करीब 30 से 35 लोग घायल हुए हैं। कई महिलाओं के हाथ-पैर में फ्रैक्चर होने की जानकारी मिली है, जबकि अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। चार घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें तत्काल रायगढ़ अस्पताल रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही डभरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डभरा पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खो देने को हादसे की वजह माना जा रहा है।

 

 

WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.