CG | Mon, 04 May 2026

No Ad Available

बिलासपुर में बंगाल चुनाव का जश्न: मोदी के अंदाज में बंटी झालमुड़ी, सराफा एसोसिएशन ने वाटर कूलर लगाकर पेश की नजीर

04 May 2026 | JAY SHANKAR PANDEY | 11 views
बिलासपुर में बंगाल चुनाव का जश्न: मोदी के अंदाज में बंटी झालमुड़ी, सराफा एसोसिएशन ने वाटर कूलर लगाकर पेश की नजीर


बिलासपुर 4 मई 2026। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद देशभर के साथ-साथ न्यायधानी बिलासपुर में भी सियासी उत्साह चरम पर है। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के शानदार प्रदर्शन और असम में दोबारा सरकार बनाने की खुशी में शहर के हृदय स्थल सदर बाजार में एक अनोखा जश्न देखने को मिला। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनाव प्रचार के अंदाज को याद करते हुए आम लोगों में 'झालमुड़ी' बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया।

सोमवार को सदर बाजार स्थित श्याम प्लाजा में आयोजित इस विजय उत्सव में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी के नेतृत्व में पदाधिकारियों और व्यापारियों ने राहगीरों को झालमुड़ी खिलाकर जश्न मनाया। दरअसल, बंगाल चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी का झालमुड़ी खाने का अंदाज काफी सुर्खियों में रहा था, जिसे बिलासपुर के व्यापारियों ने इस जीत के जश्न का प्रतीकात्मक हिस्सा बना दिया।

जश्न के साथ जनसेवा का भी दिया संदेश

सराफा एसोसिएशन ने केवल राजनीतिक जश्न तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि शहर में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए जनसेवा की एक बेहतरीन मिसाल भी पेश की। एसोसिएशन ने श्याम प्लाजा परिसर में आम जनता और राहगीरों की प्यास बुझाने के लिए एक वाटर कूलर भी स्थापित किया। ठंडे पानी की इस व्यवस्था की स्थानीय लोगों और राहगीरों ने जमकर सराहना की।

बिना खौफ के हुआ मतदान: कमल सोनी

इस मौके पर सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि, “यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व और जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है। यह पहली बार है जब पश्चिम बंगाल में मतदाताओं ने बिना किसी खौफ के अपने घरों से निकलकर मतदान किया और भाजपा को अपना व्यापक समर्थन दिया है।”

इस अनूठे आयोजन ने यह साबित कर दिया कि राजनीतिक जीत का उत्सव यदि समाजसेवा के रचनात्मक कार्यों के साथ जुड़ जाए, तो वह आम जनता के लिए और भी प्रासंगिक बन जाता है। कार्यक्रम के दौरान सदर बाजार में देर तक उत्सव का माहौल रहा, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारी व आम नागरिक शामिल हुए।


JAY SHANKAR PANDEY
JAY SHANKAR PANDEY

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.