बीज बहुगुणन कार्यक्रम अंतर्गत नांदघाट प्रक्षेत्र में धान रोपाई कार्य का कृषि अधिकारियों ने किया निरीक्षण.
जबलपुर
कृषि अधिकारियों ने आज शनिवार को मझौली तहसील के ग्राम नांदघाट में शासकीय कृषि प्रक्षेत्र में धान रोपाई के कार्य का निरीक्षण किया। इन अधिकारियों में सहायक संचालक कृषि रवि आम्रवंशी एवं अमित पांडे तथा अनुविभागीय कृषि अधिकारी सिहोरा श्रीमती मनीषा पटेल शामिल थे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने धान की रोपाई भी की। प्रभारी प्रक्षेत्र अधीक्षक पूजा वर्मा एवं कृषि विस्तार अधिकारी शुभम पाटीदार भी इस मौके पर मौजूद थे।
उप संचालक कृषि डॉ एस के निगम के अनुसार शासकीय कृषि प्रक्षेत्र नांदघाट में बीज बहुगुणन कार्यक्रम के अंतर्गत उन्नत किस्म की ब्रीडर धान जे आर -21एवं जे आर -206 को बीस हेक्टेयर रकबा में लिया गया है। बीज बहुगुणन कार्यक्रम किसानों को बीज की उपलब्धता, फसल उत्पादन एवं किसानों की आय में वृद्धि हेतु चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नांदघाट प्रक्षेत्र में धान रोपाई कार्य सतत रूप से जारी है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा रोपाई प्रक्रिया का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया एवं धान की रोपाई की गुणवत्ता, पौधों की समान दूरी की सराहना की गई।