खैरागढ़। CG NEWS: रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक आते ही बाजार में रौनक बढ़ने लगी है। राखियों से दुकानें सज गई हैं और भाई-बहन त्यौहार की तैयारियों में जुट गए हैं। हालांकि इस बार रिश्तों के इस पर्व पर महंगाई, मिठास का स्वाद कुछ फीका कर सकती है। जिले में शक्कर का भाव करीब 75 रुपये किलो, जबकि गुड़ 80 रुपये किलो तक पहुंच गया है। इसका सीधा असर मिठाई की लागत पर पड़ने की संभावना है।
रक्षाबंधन पर राखी बांधने के बाद भाई-बहन एक-दूसरे का मुंह मीठा कराते हैं। इसलिए मिठाई दुकानदारों को इस पर्व से अच्छी बिक्री की उम्मीद रहती है। दुकानदारों के अनुसार शक्कर और गुड़ के अलावा दूध, मावा, ड्राय फ्रूट्स समेत अन्य सामग्री के दाम भी बढ़े हैं। इससे मिठाई बनाने की लागत बढ़ गई है और आने वाले दिनों में मिठाइयों के दाम बढ़ना तय माना जा रहा है।
इधर, ग्राहकों का कहना है कि त्योहार पर मिठाई खरीदना जरूरी है, लेकिन बढ़ती महंगाई से घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। किराना दुकानदार भी बताते हैं कि रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम बढ़ने से ग्राहक खरीदारी से पहले कीमत और जरूरत का हिसाब लगा रहे हैं। यानी इस रक्षाबंधन राखी की डोर में रिश्तों की मिठास कायम रहेगी, लेकिन मिठाई का डिब्बा जेब पर भारी पड़ सकता है।
The post CG NEWS: राखी पर मिठास महंगी! 75 की शक्कर, 80 रुपये किलो गुड़ ने बिगाड़ा त्योहार का बजट appeared first on Grand News.