कोनी, बिलासपुर में RSS का कार्यकर्ता विकास वर्ग प्रारंभ, 20 दिन चलेगा प्रशिक्षण शिविर
बिलासपुर । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का कार्यकर्ता विकास वर्ग – प्रथम (सामान्य) का शुभारंभ शनिवार को बिलासपुर के कोनी में हुआ। 20 दिवसीय इस प्रशिक्षण वर्ग में मध्य क्षेत्र के चार प्रांतों – छत्तीसगढ़, महाकौशल, मध्य भारत एवं मालवा से कुल 506 सहभागी शामिल हुए हैं, जिनमें 383 शिक्षार्थी, 58 शिक्षक एवं 65 प्रबंधक हैं। उद्घाटन समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में अखिल भारतीय सह सरकार्यवाह श्री रामदत्त जी उपस्थित रहे।
दीप प्रज्वलन कर वर्ग का उद्घाटन किया गया, जिसमें वर्ग के सर्वाधिकारी अनिरुद्ध काउरवार, कार्यवाह विक्रम सिंह एवं अन्य वरिष्ठ स्वयंसेवक उपस्थित थे। श्री रामदत्त जी ने अपने संबोधन में कहा, “संघ कार्य की मूल भावना, संगठन की भूमिका, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय पुनर्निर्माण में कार्य सिद्धि का आधार एक संस्कारित और समर्पित कार्यकर्ता ही होता है।” उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के वैचारिक और आंतरिक विकास के लिए ऐसे प्रशिक्षण वर्ग आवश्यक हैं।
प्रशिक्षण शिविर सुबह 4 बजे जागरण से प्रारंभ होकर रात 10 बजे तक चलता है। इसमें बौद्धिक, शारीरिक एवं संगठनात्मक तीन प्रमुख स्तरों पर कार्य होता है। बौद्धिक सत्रों में राष्ट्रीय चिंतन, सांस्कृतिक गौरव, सेवा कार्य, राष्ट्र सुरक्षा और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर वरिष्ठ प्रचारकों द्वारा व्याख्यान दिए जा रहे हैं। शारीरिक प्रशिक्षण में योग, दंड अभ्यास, नियुद्ध एवं अन्य व्यायाम शामिल हैं।
संगठनात्मक अभ्यास के अंतर्गत शाखा संचालन, संपर्क कार्य, कार्य विस्तार और समूह चर्चाओं के माध्यम से स्वयंसेवकों को संवाद एवं नेतृत्व के गुणों का अभ्यास कराया जा रहा है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मानता है कि समाज का सशक्त परिवर्तन केवल सक्रिय, संस्कारित और समर्पित कार्यकर्ताओं के माध्यम से ही संभव है। इस दिशा में यह वर्ग एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जो राष्ट्र निर्माण की दिशा में कार्यकर्ता से नेतृत्वकर्ता की यात्रा को साकार करता है।
यह वर्ग पालक प्रवीण गुप्त (संपर्क प्रमुख, मध्य क्षेत्र) एवं सह क्षेत्र प्रचारक प्रेमशंकर सिदार की देखरेख में संचालित हो रहा है।