


धमतरी। डेढ़ माह पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया, जब दो युवकों ने एक महिला को चाकू मारकर उसकी जान ले ली। घटना ग्राम पंचायत पोटियाडीह की है, जहां आरोपित युवकों ने पानी मांगने के बहाने घर में घुसकर महिला पर हमला किया। घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा अभी भी फरार है।
पढ़े घटना कैसे हुई….
24 फरवरी को धमतरी शहर के साल्हेवार पारा निवासी चमन कुमार पटेल और एक अन्य युवक स्कूटी पर सवार होकर ग्राम पोटियाडीह पहुंचे। दोनों ने ग्रामीण जागेश्वर पटेल के घर का पता पूछा और पानी देने का बहाना बनाकर अंदर घुस गए। जैसे ही जागेश्वर की पत्नी कुंती बाई पटेल (35) ने उन्हें पानी पिलाया और जागेश्वर की पत्नी होने की जानकारी दी आरोपितों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। महिला की चीख सुनकर मोहल्लेवासी घर पर पहुंचे, लेकिन तब तक कुंती बाई खून से लथपथ हो चुकी थीं।
इसके बाद ग्रामीणों ने हमलावरों का पीछा किया जिसमें चमन कुमार पटेल को तो पकड़ लिया, लेकिन दूसरा युवक फरार हो गया। घायल महिला को धमतरी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में………
अर्जुनी पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर चमन कुमार पटेल को हिरासत में लिया। फरार आरोपित को ढूंढने के लिए पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी है। मृतक का पोस्टमार्टम करने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया।
क्या हो सकता है हत्या का कारण
ग्रामीणों के अनुसार, डेढ़ माह पहले जागेश्वर पटेल और कुछ ग्रामीणों ने एक लड़की को सड़क दुर्घटना में घायल करने के आरोप में आरोपित युवकों को रोका था। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। आशंका है कि इसी रंजिश के चलते आरोपितों ने जागेश्वर की पत्नी की हत्या की।
पुलिस की जांच जारी
अर्जुनी थाना प्रभारी सन्नी दुबे ने बताया कि हत्या का सटीक कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है और घटना की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। फिलहाल, मामले में धारा 302 (हत्या) के तहत केस दर्ज किया गया है।
लोगों में काफी नाराजगी।
इस घटना से क्षेत्र ग्रामीणों में रोष है। लोगों ने पुलिस से मांग की है कि फरार आरोपित को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और मृतक के परिवार को न्याय दिलाया जाए।

मोबाइल – 9425545763