


बिलासपुर, 25 जनवरी 2025 – छत्तीसगढ़ के बिलासपुर नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने महापौर पद के लिए ओबीसी वर्ग से महिला उम्मीदवार के रूप में पूजा विधानी के नाम को अंतिम रूप दिया है।
भाजपा के संगठन और नेताओं के बीच कई दिनों से उम्मीदवार चयन को लेकर गहन मंथन चल रहा था। अंततः पार्टी ने महिला सशक्तिकरण और ओबीसी वर्ग के प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए पूजा विधानी के नाम पर मुहर लगाई।
पूजा विधानी के चयन के साथ ही भाजपा ने नगर निगम चुनाव में अपनी रणनीति को स्पष्ट कर दिया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और संगठन के पदाधिकारी अब पार्षद उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं।
दूसरी ओर, कांग्रेस भी अपने महापौर उम्मीदवार के चयन के लिए मंथन कर रही है। दोनों प्रमुख दलों के बीच उम्मीदवार चयन को लेकर गहमागहमी बढ़ गई है, जिससे आगामी नगर निगम चुनाव और भी रोचक हो गया है।
बिलासपुर नगर निगम की महापौर सीट ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित है, जिसके चलते दोनों दलों ने ओबीसी वर्ग से उम्मीदवार उतारने का निर्णय लिया है। भाजपा द्वारा पूजा विधानी के चयन के बाद, अब सभी की निगाहें कांग्रेस के उम्मीदवार पर टिकी हैं।
नगर निगम चुनाव में महापौर पद के लिए सीधा चुनाव होने के कारण, उम्मीदवारों के चयन में दलों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है। जनता के बीच लोकप्रियता, सामाजिक समीकरण और राजनीतिक अनुभव जैसे कारकों को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों का चयन किया जा रहा है।
जानिए पूजा विधानी का राजनीतिक सफर
54 वर्षीय पूजा विधानी भाजपा नेता और नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष अशोक विधानी की पत्नी हैं। उनका असली नाम एल पदमजा है और वो तेलगु समाज से हैं। अशोक विधानी से इंटरकास्ट मैरिज करने के बाद पूजा विधानी के रूप में उनकी पहचान बनी। वो 1996 से भाजपा की सक्रिय सदस्य हैं। साल 1998 में पहली बार नगर निगम में पार्षद निर्वाचित हुईं, जिसके बाद दो बार भाजपा महिला मोर्चा में दो बार प्रदेश महामंत्री रहीं। फिर महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष भी रहीं। उनके पति अशोक विधानी स़ाल 2004 से लगातार नगर निगम में पार्षद रहे हैं। इस दौरान एमआईसी मेंबर रहे और दो बार नगर निगम में सभापति रहे। वर्तमान में नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष हैं।

मोबाइल – 9425545763