

नगर पालिका परिषद सिहोरा में अध्यक्ष उपाध्यक्ष पद पर भाजपा का कब्जा
अध्यक्ष पद पर संध्या दिलीप दुबे, उपाध्यक्ष पद के लिए शारदा तिवारी हुए निर्वाचन
कांग्रेस के पार्षदों ने भाजपा के पक्ष में की क्रास वोटिंग
सिहोरा
नगर पालिका परिषद सिहोरा में बुधवार को हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन में भारतीय जनता पार्टी ने बाजी मारते हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर अपना कब्जा जमा लिया। अध्यक्ष पद पर संध्या दिलीप दुबे 14 वोटों से निर्वाचित हुई, उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के शारदा तिवारी ने 13 वोटों से जीत हासिल की। वहीं कांग्रेस पार्टी एक बार फिर क्रॉस वोटिंग का शिकार हुई। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन में कांग्रेस के पार्षदों ने भाजपा के पक्ष में वोटिंग की।
भारतीय जनता पार्टी से अध्यक्ष पद के लिए संध्या दिलीप दुबे ने नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस पार्टी से अध्यक्ष पद के लिए राजेश चौबे ने फार्म भरा। मतदान के बाद हुई मतों की गिनती में भाजपा प्रत्याशी संध्या दिलीप दुबे को 14 वोट मिले, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी को चार मत ही मिल सके। संध्या दिलीप दुबे अध्यक्ष पद के लिए बाजी मारी।
उपाध्यक्ष पद भी गया भाजपा की झोली में
अध्यक्ष के निर्वाचन के बाद उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा ने शारदा तिवारी को अपना प्रत्याशी बनाया वहीं कांग्रेस पार्टी की तरफ से प्रमोद चौधरी ने नामांकन दाखिल किया। उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के शारदा तिवारी को 13 मत मिले वहीं कांग्रेस के प्रमोद चौधरी को पांच इस तरह उपाध्यक्ष पद पर भी भाजपा ने बाजी मारी।
कांग्रेस के पार्षदों ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों में की क्रास वोटिंग
नगर पालिका परिषद सिहोरा में कांग्रेस पार्टी के छह पार्षद चुनकर आए थे, लेकिन अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव के दौरान कांग्रेस पार्टी अपने पार्षदों को एकजुट नहीं रख पाई। अध्यक्ष पद के लिए जहां कांग्रेस के 3 पार्षदों ने क्रास वोटिंग कर भाजपा के प्रत्याशी को वोट डाला, उपाध्यक्ष पद के मतदान में कांग्रेस के दो पार्षदों ने क्रास वोटिंग की।
विजयी जुलूस निकाला जमकर, हुई आतिशबाजी
कुशल रणनीति के चलते भाजपा ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर अपना कब्जा जमाया। वोटिंग के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष सुभाष रानू तिवारी, विधायक नंदनी मरावी, पूर्व विधायक दिलीप दिलीप दुबे के साथ भाजपा के पदाधिकारी सक्रिय रहे। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर मिली जीत के बाद भाजपा के नेता और कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया और विजयी जुलूस निकाला।

मोबाइल – 9425545763